Maharajganj News : 2400 कनेक्शन अटके, सप्लाई बंद ! गैस के लिए क्यों तरस रहा पूरा क़स्बा
16-Apr-2026
Total Views |
नौतनवा। क्षेत्र के इंडियन गैस सर्विस में पिछले करीब 15 दिनों से गैस सिलेंडर की आपूर्ति बंद होने से उपभोक्ताओं की परेशानी बढ़ती जा रही है और आपूर्ति बहाल होने की उम्मीद भी नहीं दिख रही है। करीब 2400 गैस की डीएसी खारिज न होने और हेराफेरी के आरोपों के बीच कागजी प्रक्रिया अपूर्ण मिलने पर आईओसीएल ने गैस आपूर्ति बाधित कर दी है। इस बीच सहालग शुरू होने से गैस सिलेंडर के लिए उपभोक्ता काफी परेशान हैं।
नौतनवा के इंडियन गैस सर्विस में लगातार 15 दिनों से बंद पड़ी गैस की आपूर्ति और प्रशासनिक उदासीनता के कारण बढ़ती जा रही है। गैस सिलेंडर की आपूर्ति नहीं मिलने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। परेशानी उपभोक्ता बार-बार जिम्मेदारों से शिकायत कर रहे हैं लेकिन कोई समाधान नहीं निकल रहा है।
जिम्मेदार अधिकारी चुप्पी साध मूकदर्शक बने हुए हैं। इतना ही नहीं अधिकारी अब गैस की उपलब्धता सुनिश्चित कराने को लेकर कोई जवाब देने से भी कतराने लगे हैं। जिससे लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
उपभोक्ता इंद्रपाल सिंह का ने बताया कि बृहस्पतिवार को बहन की शादी के लिए लेडीज संगीत का आयोजन किया गया है। कार्यक्रम के लिए पांच गैस सिलेंडर दिलाने के लिए तहसील में आवेदन दिया था। बुधवार को शाम तक गैस नहीं मिल पाया है। अधिकारी सिर्फ आश्वासन दे रहे हैं। अविनाश अग्रहरि का कहना है कि नौतनवा कस्बे में 15 दिनों से गैस नहीं आ रहा है।
जिम्मेदारों को शिकायत करने पर वह सिर्फ अपने अधीनस्थों का एक के एक बाद नंबर देने तक ही लोगों को उलझाए हुए हैं। यह कोई समस्या का समाधान नहीं है। यदि ऐसे ही चलता रहा तो किसी दिन स्थिति गंभीर हो जाएगी।