Maharajganj News : मच्छरों का आतंक! धुआं जलाकर रात गुजार रहे लोग, नगर पंचायत पर उठे सवाल
18-Apr-2026
Total Views |
महराजगंज। बृजमनगंज नगर पंचायत में मच्छरों का प्रकोप इस कदर बढ़ गया है कि लोगों का जीना मुहाल हो गया है। फॉगिंग और दवा छिड़काव की कोई व्यवस्था न होने से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। कई गरीब परिवार रात काटने के लिए अंडे के गत्ते जलाने को मजबूर हैं।
स्थानीय निवासियों ने नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी (ईओ) सुरभि मिश्रा से जल्द से जल्द फॉगिंग कराने व दवा छिड़काव की मांग की है। मच्छरों के बढ़ते प्रकोप से लोगों की रातों की नींद हराम हो गई है। मच्छरों के काटने से लोग बीमार पड़ रहे हैं और शरीर पर ददोरे तथा तेज जलन जैसी समस्याएं भी सामने आ रही हैं, जिससे बीमारियों का खतरा बढ़ गया है।
बृजमनगंज नगर पंचायत के पूर्व प्रत्याशी वरिष्ठ सपा नेता दिलीप चौधरी ने बताया कि मच्छरों की तादाद इतनी बढ़ गई है कि इनके काटने पर शरीर पर ददोरे पड़ जाते हैं और तेज जलन होती है। स्थानीय व्यवसायी ने कहा कि मच्छरों की संख्या में हर साल इजाफा हो रहा है।
नगर के 16 वार्डों के लोगों का कहना है कि मच्छरों का प्रकोप इतना बढ़ चुका है कि बच्चे, बूढ़े, जवान और महिलाएं सभी प्रभावित हैं। जिनके पास मॉस्किटो लिक्विड या ऑल आउट खरीदने के पैसे नहीं हैं, वे अंडे के गत्ते जलाकर रात गुजार रहे हैं।
रवि वर्मा सूरज सिंह जयसवाल दिलीप मणि त्रिपाठी राजू जायसवाल शमशाद खान सुनील यादव राहुल यादव आर्यन जायसवाल शकील खान, फैजान खान, फिरोज अहमद, दिलशाद खान , प्रिंस जायसवाल, अरुण सिंह, धर्म यादव और मंटू शर्मा सहित कई निवासियों ने इस समस्या पर चिंता व्यक्त की है।
लोगो ने नालों की प्रतिदिन सफाई और दवा छिड़काव व फॉगिंग की मांग की। इस मामले में नगर पंचायत अध्यक्ष राकेश जायसवाल ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही फॉगिंग और दवा छिड़काव की व्यवस्था कराई जाएगी। साथ ही, नगर के तालाबों, गलियों और चिन्हित स्थानों पर लार्वा नाशक दवाओं का छिड़काव कराया जाएगा।