Maharajganj News : 9 महीने से रुका पोषण भत्ता, टीबी मरीजों पर दोहरी मार!
18-Apr-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले के टीबी से जूझ रहे मरीजों के हालात मुश्किल होते नज़र आ रहे हैं। रोगियों को जुलाई 2025 से पोषण भत्ता नहीं मिल रहा है। इसके चलते मरीजों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। वहीं स्वास्थ्य विभाग बजट के अभाव में भुगतान प्रभावित होने की बात कह रहा है।
जानकारी के अनुसार, टीबी उन्मूलन कार्यक्रम के तहत सरकार की ओर से टीबी रोगियों को हर माह इलाज के लिए एक हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है। योजना का उद्देश्य मरीजों को पौष्टिक आहार उपलब्ध कराना है। पोषण भत्ता के लिए करीब पांच हजार रोगियों को नौ माह से पोषण भत्ता नहीं मिल सका है।
अप्रैल-मई 2025 में आवेदन करने वाले सभी रोगियों को मार्च माह में 2.95 लाख का भुगतान किया गया है। समय से पोषण भत्ता नहीं मिलने के कारण रोगियों को काफी परेशानी हो रही है। निक्षय पोषण योजना के तहत, सरकार ने नवंबर 2024 से सहायता राशि को 500 से बढ़ाकर 1,000 रुपये प्रति माह कर दिया है।
टीबी रोगियों का इलाज सामान्यतः छह से नौ महीने तक चलता है। इस दौरान मरीजों को नियमित रूप से दवाएं लेनी होती हैं। साथ ही शरीर की रोग प्रतिरोधक क्षमता बनाए रखने के लिए पौष्टिक आहार भी जरूरी होता है।