Maharajganj News : रात भर कतार में फिर भी खाली हाथ ! 1000 से ज्यादा सिलेंडर आने के बाद भी क्यों परेशान हैं लोग?

    02-Apr-2026
Total Views |

सिसवा बाजार।
कस्बे के सबया स्थित सिंह गैस एजेंसी के गोदाम के सामने उपभोक्ताओं की लंबी कतारें अब आम हो गयी हैं। हालात ऐसे हैं कि रसोई गैस सिलेंडर लेने के लिए रात से उपभोक्ताओं की लंबी लाइन लग रही है, इसके बावजूद सुबह अधिकतर उपभोक्ताओं के हाथ निराशा ही लग रही है। उपभोक्ताओं का आरोप है कि अधिकतर रसोई गैस कालाबाजारी करने वाले दलालों को दिए जा रहे हैं।

बुधवार को भी सिसवा के सबयां स्थित रसोई गैस गोदाम पर उपभोक्ताओं का तांता लगा हुआ था। धुप और गर्मी से लोग बेहाल हो रहे थे। फिर भी भोजन बनाने के लिए कतार में लोग खड़े हो रहे हैं। कतार में लगे रहमत भोला, किस्मत उमेश, संदीप, भोला, सुमन, अनीता, कोमल, अमीना ने बताया कि वे रसोई गैस के लिए रात से ही कतार में लगे हैं।


लोगों को आरोप है कि, सुबह गोदाम खुलने पर सबसे पहले सबयां गांव के कुछ दबंगों को गैस सिलिंडर दिया जा रहा है, जो प्रति सिलिंडर दो हजार रुपये में कालाबाजारी करते हैं। साथ गैस रिफिलिंग करने वालों को भी सिलेंडर दिया जा रहा है। जब कोई इसका विरोध करता है तो उसे परेशान किया जाता है।

इसे लेकर विवाद के दौरान पुलिस के हस्तक्षेप के बाद मामला शांत होता है। इस संदर्भ में सिंह गैस एजेंसी के प्रबंधक कमलेश सिंह ने बताया कि तीन दिन से दो ट्रक यानी 1008 सिलेंडर गोदाम पर आ रहा है, जिनमें से कुछ सिलेंडर होम डिलेवरी के लिए भेजा जाता है। शेष गोदाम से वितरित किया जाता है। कालाबाजारी करने वालों को गैस देने का आरोप निराधार है।