Maharajganj News : कटहरा में खनन माफियाओं का बोलबाला, नियम-कानून बने मजाक

    20-Apr-2026
Total Views |

चौक बाजार। सदर क्षेत्र के ग्राम सभा कटहरा में इन दिनों अवैध मिट्टी खनन का खेल बहुत जोरों से चल रहा है। दिन-रात जेसीबी मशीनों और ट्रैक्टर-ट्रॉलियों के माध्यम से बड़े पैमाने पर मिट्टी की खोदाई की जा रही है, जिसमें सरकारी नियमों की खुलेआम अनदेखी हो रही है।

ग्रामीणों का आरोप है कि बिना किसी वैध अनुमति के खेतों व खाली पड़ी जमीनों से मिट्टी निकालकर बेची जा रही है। इस अवैध खनन से एक ओर जहां सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है, वहीं दूसरी ओर पर्यावरण को भी गंभीर क्षति पहुंच रही है।


खेतों की उपजाऊ परत हटने से किसानों की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। इससे खनन माफियाओं के हौसले और बुलंद हो गए हैं।

ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए अवैध खनन पर रोक लगाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की अपील की है। इस संबंध में सदर एसडीएम जितेंद्र कुमार ने बताया कि जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।