Maharajganj News : पंजाब गई पत्नी, गुस्से में टावर पर चढ़ा पति! घंटों चला हाई वोल्टेज ड्रामा
20-Apr-2026
Total Views |
महराजगंज। परसमालिक थाना क्षेत्र के बोदरवार निवासी राकेश गौड़ (पुत्र बलिराम) रविवार को उस समय चर्चा का केंद्र बन गए, जब वे शीशगढ़ गांव में लगे इंडस मोबाइल टावर पर चढ़ गए। बताया जा रहा है कि उनकी पत्नी अंजनी (पुत्री छबिलाला) से उनका पारिवारिक विवाद लंबे समय से चल रहा है।
जानकारी के अनुसार, पति-पत्नी के बीच विवाद को लेकर पिछले 2 साल से न्यायालय में मुकदमा चल रहा है। इसी बीच राकेश अपनी पत्नी को साथ ले जाने के लिए ससुराल पहुंचे थे, जहां उन्हें पता चला कि उनकी पत्नी अपने मामा के लड़के के साथ पंजाब गई हुई है।
इस सूचना से आक्रोशित होकर राकेश गांव में स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गए और पत्नी को साथ ले जाने की मांग करने लगे। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई और समझाने-बुझाने का प्रयास शुरू किया गया।
प्राथमिक तौर पर मामला पारिवारिक विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस स्थिति को नियंत्रित करने और आगे की कार्रवाई में जुटी है।