Maharajganj News : अप्रैल में ही 'आग' उगलता मौसम! गर्म हवाओं ने बढ़ाई मुसीबत, राहत कब?
23-Apr-2026
Total Views |
महराजगंज। इस बार अप्रैल में ही भीषण गर्मी और तीखी धूप ने लोगों का जीना मुश्किल कर दिया है। पिछले चार दिन से न सिर्फ धूप की तीव्रता बढ़ी है, बल्कि तेज पछुआ के कारण गर्म हवाओं ने लोगों का घरों से निकलना मुश्किल कर दिया है। मौसम विभाग का मानना अप्रैल में ऐसा मौसम एंटी साइक्लोन के कारण बनी हुई है।
महाराष्ट्र के निकट ऊपरी वायुमंडल में विषम चक्रवात की परिस्थिति शुष्क व गर्म हवा को सीधे पूर्वी यूपी की तरफ जाने के लिए दबाव बढ़ा रही है जिससे हीटवेव की परिस्थिति अप्रैल में ही देखने को मिलने लगी है। गर्म हवाओं की तीव्रता के कारण लगातार अधिकतम व न्यूनतम तापमान में इजाफा हो रहा है। बुधवार की बात करें तो अधिकतम तापमान 40 डिग्री का आंकड़ा पार कर गया और 42 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। 24 न्यूनतम पारा रहा। सुबह 9 बजे से पछुआ की रफ्तार बढ़ती है जिसका प्रभाव शाम चार बजे तक बना रहता है।
मध्य और पूर्वी प्रशांत महासागर के गर्म होने से उत्पन्न होने वाला अल नीनो वायुमंडलीय परिसंचरण को बदलकर मानसूनी हवाओं को कमजोर कर देता।अबतक 2009 व 2022 में ऐसी स्थिति उत्पन्न हो चुकी जब बारिश का ग्राफ अलनीनो ने घटाया। इस बार भी ऐसी स्थिति उत्पन्न हो रही है। ऐसे में सिर्फ दिन ही नहीं रात का तापमान भी बढ़ेगा।
एंटी साइक्लोन की परिस्थितियों के कारण तापमान में वृद्धि के साथ हीटवेव की संभावना उत्पन्न हो रही है। अगले चार दिन तक अधिकतम व न्यूनतम दोनों तापमान बढ़ेंगे। रविवार से स्थितियों में सुधार की संभावना बन रही है।