Maharajganj News : सुनसान खेत में मिला अधजला शव ! बिछिया-पायल से मिले सुराग, लेकिन सस्पेंस बरकरार
23-Apr-2026
Total Views |
परतावल। श्यामदेउरवा थाना क्षेत्र के सेमरा चंद्रौली गांव में बुधवार की सुबह-सुबह सनसनी फ़ैल गयी जब एक महिला का अधजला शव खेत में बरामद हुआ। शव गांव के सीवान में बड़ी नहर के पश्चिम स्थित बंसवार निवासी राजाराम सिंह के खेत में पड़ा मिला।
सुबह खेत की ओर गए ग्रामीणों ने शव देखकर इसकी सूचना ग्राम प्रधान के माध्यम से पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर थानाध्यक्ष अभिषेक सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। कुछ ही देर में क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम और एडिशनल एसपी सिद्धार्थ ने भी घटनास्थल पर पहुंचकर जांच का जायजा लिया और आवश्यक निर्देश दिए।
पुलिस के अनुसार, महिला की उम्र करीब 35 वर्ष प्रतीत हो रही है। उसका चेहरा, हाथ व शरीर बुरी तरह जला हुआ है, जिससे उसकी पहचान करने में मुश्किल हो रही है। हालांकि, पैर में बिछिया व पायल मिलने से महिला के विवाहित होने की आशंका जताई जा रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और महिला की पहचान कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।
शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। प्रथम दृष्टया आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कहीं और करके शव को यहां लाकर जलाया गया है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। एसओ अभिषेक सिंह ने बताया कि आसपास के चौराहों, किराएदारों व ईंट-भट्ठों पर काम करने वाले लोगों की भी जांच कराई जा रही है। साथ ही अन्य थानों व जिलों को भी सूचना भेजी गई है। जल्द ही मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।