Maharajganj News : मीटिंग के बीच हुआ हादसा ! बाल बाल बचे जिले के एसपी

    23-Apr-2026
Total Views |

महराजगंज।
पुलिस कार्यालय में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया जब जनसुनवाई के बाद अपने चैंबर में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर रहे पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी अचानक हादसे का शिकार हो गए। उनके पीछे दीवार पर लगा लकड़ी का सजावटी स्ट्रक्चर अचानक टूटकर उनके ऊपर गिर गया, जिससे वे घायल हो गए और उनके सिर में चोट लग गई।

यह घटना दोपहर 2:15 बजे की बताई जा रही है। एसपी अपने कार्यालय में मीटिंग कर रहे थे। इसी दौरान वर्ष 2023 में लगाया गया लकड़ी का स्ट्रक्चर दीवार से उखड़कर सीधे उनके सिर पर गिर पड़ा। तेज आवाज सुनकर कार्यालय में मौजूद पुलिस कर्मियों में हड़कंप मच गया। तत्काल एएसपी सिद्धार्थ, सीओ सदर अंकुर कुमार गौतम समेत अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायल एसपी को आनन-फानन में शहर के एक निजी अस्पताल ले जाया गया।


डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच के बाद बताया कि एसपी के सिर में चोट आई है, लेकिन स्थिति गंभीर नहीं है। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया, जिससे प्रशासनिक अधिकारियों और पुलिस कर्मियों ने राहत की सांस ली।

घटना की जानकारी मिलते ही जिलाधिकारी संतोष कुमार शर्मा समेत अन्य वरिष्ठ अधिकारी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने एसपी का हालचाल जाना और डॉक्टरों से उपचार की जानकारी ली। उस समय क्राइम मीटिंग में शामिल होने आए कई थानेदार भी अस्पताल पहुंच गए थे।