Maharajganj News : खोए मोबाइलों का बड़ा खुलासा: पुलिस ने एक झटके में बरामद किए 101 फोन, 30 लाख की रिकवरी

    23-Apr-2026
Total Views |


महराजगंज। पुलिस अधीक्षक महराजगंज शक्ति मोहन अवस्थी के निर्देशन मे एक बार फिर जनपद पुलिस ने अपनी कार्यकुशलता और तकनीकी क्षमता का शानदार प्रदर्शन किया है। विशेष अभियान चलाकर सर्विलांस सेल की टीम ने 101 गुम हुए मोबाइल फोन बरामद कर बड़ी सफलता हासिल की है, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 30 लाख रुपये बताई जा रही है।

यह उपलब्धि सर्विलांस सेल द्वारा (CEIR) पोर्टल की तकनीकी सहायता से हासिल की गई, जिसमें IMEI नंबर आधारित ट्रैकिंग, आधुनिक तकनीकी उपकरणों और सतर्क सर्विलांस का प्रभावी इस्तेमाल किया गया। पुलिस टीम ने गहन जांच के बाद मोबाइलों का पता लगाकर उन्हें सुरक्षित बरामद किया।


गुरुवार यानी 23 अप्रैल 2026 को संबंधित मोबाइल मालिकों को बुलाकर विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद उनके मोबाइल फोन सुपुर्द कर दिए गए। मोबाइल वापस मिलने पर मालिकों के चेहरों पर खुशी की लहर दौड़ गई और उन्होंने महराजगंज पुलिस प्रशासन, विशेष रूप से पुलिस अधीक्षक शक्ति मोहन अवस्थी के प्रति हार्दिक आभार जताया।

पुलिस अधीक्षक ने इस सफलता पर सर्विलांस टीम की सराहना करते हुए कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान पुलिस की प्राथमिकता है। उन्होंने नागरिकों से अपील की किसी भी मोबाइल चोरी या गुम होने की स्थिति में तत्काल सर्विलांस सेल या नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं।

जांच में सामने आया कि अधिकांश मोबाइल भीड़-भाड़ वाले बाजारों, यात्रा के दौरान ऑटो/बस में छूटने, बाइक चलाते समय जेब से गिरने, सार्वजनिक स्थानों, शादी समारोह, नशे की स्थिति और बच्चों द्वारा खेलते समय खो गए थे।