Maharajganj News : नेपाल पुलिस की इस कार्रवाई पर बवाल, युवक को खींचते हुए ले जाने का वीडियो वायरल
23-Apr-2026
Total Views |
सोनौली। महराजगंज में भारत-नेपाल सीमा के सोनौली-बेलहिया बॉर्डर पर बुधवार को उस समय अफरातफरी मच गयी जब नेपाली पुलिस पर भारतीय सीमा में घुसकर एक युवक को जबरन ले जाने का आरोप लगा। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिसकर्मी युवक को सड़क पर घसीटते हुए नेपाल ले जाने की कोशिश कर रहे थे, जिससे मौके पर हड़कंप मच गया। हालांकि भारतीय पुलिस का कहना है कि युवक को नेपाल पुलिस के चंगुल से छुड़ाकर उसकी मां के हवाले कर दिया गया है।
बताया जा रहा है कि युवक नेपाल पुलिस की हिरासत से भागकर भारतीय सीमा में पहुंच गया था। उसका पीछा करते हुए नेपाली पुलिसकर्मी भी भारतीय क्षेत्र में दाखिल हो गए और उसे पकड़कर सड़क पर घसीटते हुए वापस ले जाने लगे। घटना के दौरान भारतीय पुलिस भी मौके पर मौजूद थी। इसका वीडियो किसी ने बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल है। हालांकि आपन महराजगंज इस वीडियो की सत्यता की पुष्टि नहीं करता।
मौके पर हस्तक्षेप कर युवक को नेपाली पुलिस के कब्जे से छुड़ाया गया और उसे उसकी मां के सुपुर्द कर दिया गया। एसपी कार्यालय के मीडिया सेल प्रभारी आरके यादव ने बताया कि नेपाल पुलिस से बातचीत के बाद मामला शांत कराया गया।
इस घटना ने अंतरराष्ट्रीय नियमों और मानवाधिकारों को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। कानून के जानकारों के मुताबिक, किसी भी देश की पुलिस को दूसरे देश की सीमा में बिना अनुमति प्रवेश कर कार्रवाई करने का अधिकार नहीं होता। ऐसा कदम संबंधित देश की संप्रभुता का उल्लंघन माना जाता है।
विशेषज्ञों का यह भी कहना है कि इस तरह की कार्रवाई मानवाधिकारों के सिद्धांतों के खिलाफ है, जिसमें किसी व्यक्ति के साथ अमानवीय व्यवहार या बल प्रयोग पर प्रतिबंध है। सड़क पर घसीटकर ले जाने की घटना को इसी संदर्भ में गंभीर माना जा रहा है। क्षेत्राधिकारी आनंद नगर अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि जांच की जा रही है। इसकी सूचना उच्चाधिकारियों को दी जाएगी।