Maharajganj News : तेज धूप का वार, अस्पतालों में बढ़ी मरीजों की कतार
25-Apr-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले में बढ़ती गर्मी और बदलते मौसम का असर अब लोगों की सेहत पर साफ नज़र आ रहा है। जिला अस्पताल में इन दिनों डिहाइड्रेशन, उल्टी, दस्त और पेट दर्द से पीड़ित मरीजों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है। अस्पताल के ओपीडी और इमरजेंसी वार्ड में रोजाना बड़ी संख्या में मरीज पहुंच रहे हैं। शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 26 और अधिकतम 40 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
जिला अस्पताल के फिजिशियन डॉ. पवन कुमार ने बताया कि वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 70 से 80 मरीज इन समस्याओं के साथ अस्पताल आ रहे हैं। एक सप्ताह पहले ऐसे मरीजों की संख्या 30 से 40 थी। उन्होंने कहा कि तापमान में तेजी से बढ़ोतरी और लू जैसी स्थिति बनने के कारण शरीर में पानी की कमी हो रही है।
इस वजह से डिहाइड्रेशन और पेट संबंधी बीमारियां बढ़ रही हैं। खासतौर पर बच्चे और बुजुर्ग इससे अधिक प्रभावित हो रहे हैं। डॉक्टरों के अनुसार, बाहर के खुले और दूषित खाने-पीने की चीजों का सेवन भी इन बीमारियों को बढ़ावा दे रहा है। कई मरीजों में उल्टी-दस्त के साथ कमजोरी और चक्कर आने की शिकायत भी देखी जा रही है।
डॉ. पवन कुमार ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। उन्होंने सलाह दी है कि अधिक से अधिक पानी पिएं, बाहर निकलते समय पूरे शरीर को ढकने वाले हल्के कपड़े पहनें और धूप में निकलने से बचें। इसके अलावा ताजे फल और स्वच्छ भोजन का सेवन करें तथा खुले में बिकने वाले खाद्य पदार्थों से दूरी बनाए रखें। यदि किसी व्यक्ति को लगातार उल्टी, दस्त या तेज पेट दर्द की समस्या हो, तो तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र या जिला अस्पताल में जाकर जांच कराएं। समय पर इलाज से गंभीर स्थिति से बचा जा सकता है।