Maharajganj News : गाँव का बेटा बना अफसर ! CRPF में असिस्टेंट कमांडेंट बने नवनीत मिश्रा का भव्य स्वागत
25-Apr-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले के उपनगर कोल्हुई थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पिपरा परसौनी में शनिवार का दिन गर्व और भावनाओं से भर गया जब गांव के होनहार बेटे नवनीत मिश्रा के CRPF में असिस्टेंट कमांडेंट बनने के बाद पहली बार अपने पैतृक गांव पहुंचे।
उनके स्वागत में गाँव में खुशी की लहर दौड़ गई। नवनीत मिश्रा की ट्रेनिंग पूरी होने के बाद उनकी पहली पोस्टिंग 46वीं बटालियन CRPF अनंतनाग, कश्मीर में हुई है, जहां वे लगभग 134 जवानों के नेतृत्व की जिम्मेदारी संभालेंगे।
गांव पहुंचने पर ग्रामीणों ने फूल-मालाओं और जयघोष के साथ उनका जोरदार स्वागत किया। गांव में भव्य विजय रैली निकाली गई। इस दौरान सबसे भावुक दृश्य तब देखने को मिला जब अपने बेटे को अफसर की वर्दी में देखकर परिजनों की आंखें खुशी से छलक उठीं। माता-पिता और परिवार के सदस्यों ने बेटे को गले लगाकर आशीर्वाद दिया, जिससे माहौल बेहद भावुक हो गया।
हालांकि पेट्रोल की किल्लत के चलते कुछ लोग चाहकर भी रैली में शामिल नहीं हो सके, फिर भी बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। आयोजन के दौरान कोल्हुई पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था में कोई कमी नहीं छोड़ी और पुलिस जवानों ने रैली को शांतिपूर्ण ढंग से सम्पन्न कराया।
गौरतलब बात यह है कि नवनीत मिश्रा के छोटे भाई निशांत मिश्रा भी देश सेवा के पथ पर आगे बढ़ रहे हैं। उनका चयन भारतीय सेना में लेफ्टिनेंट पद पर हो चुका है और वे वर्तमान में प्रशिक्षण ले रहे हैं। एक ही परिवार से दो अफसर निकलने पर गांव में उत्सव जैसा माहौल है।
ग्रामीणों ने बताया कि दोनों भाइयों की सफलता के पीछे उनके पिता विजय कुमार मिश्रा की मेहनत और संघर्ष है, जिन्होंने आर्थिक कठिनाइयों के बावजूद बच्चों की पढ़ाई में कोई कमी नहीं आने दी। नवनीत और निशांत ने मेहनत और लगन से यह साबित कर दिया कि गांव का बेटा भी देश के लिए बड़ा मुकाम हासिल कर सकता है। क्षेत्रवासियों ने दोनों भाइयों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी सफलता आने वाली पीढ़ी के लिए प्रेरणा बनेगी।