Maharajganj News : अब हाईटेक होगी भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा ! ठूठीबारी में शुरू हुई सुरक्षा की ये व्यवस्था

    25-Apr-2026
Total Views |

महराजगंज।
भारत-नेपाल सीमा पर सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से सशस्त्र सीमा बल (SSB) की 22वीं वाहिनी ने ठूठीबारी में अत्याधुनिक एक्स-रे बैगेज इंस्पेक्शन सिस्टम और डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर (DFMD) मशीन का शुभारंभ किया है। यह उद्घाटन 25 अप्रैल यानि शनिवार को किया गया।

इस अत्याधुनिक सुरक्षा प्रणाली का विधिवत उद्घाटन कार्यवाहक कमांडेंट प्रदीप कुमार मेधी ने किया। इस अवसर पर कस्टम विभाग के अधिकारी सूर्यकांत तिवारी, ठूठीबारी थाना प्रभारी अमित सिंह, स्थानीय पत्रकार और क्षेत्र के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


अधिकारियों ने बताया कि इन आधुनिक उपकरणों से अब संदिग्ध वस्तुओं की जांच अधिक सटीक और त्वरित तरीके से हो सकेगी। इससे सीमा पर होने वाली अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित करने में मदद मिलेगी।

SSB के इस कदम को सीमा क्षेत्र की सुरक्षा के लिए एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है। नई प्रणाली के लागू होने से सीमा पार आने-जाने वाले लोगों और सामान की निगरानी और सख्त हो जाएगी, जिससे समग्र सुरक्षा व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।