Maharajganj News : भीषण गर्मी में बिजली कटौती ने बढ़ाई मुश्किलें, ठूठीबारी में रातें बनीं बेकरार
25-Apr-2026
Total Views |
महराजगंज। कस्बा और आसपास के गांवों में इन दिनों अनियमित बिजली कटौती से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। ठूठीबारी कस्बा और आसपास के गांवों में इन दिनों अनियमित बिजली कटौती से जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। भीषण गर्मी और उमस के बीच खासकर रात में बिजली गुल होने से लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
क्षेत्र में तापमान लगातार बढ़ रहा है। दिन में तेज धूप और रात में उमस भरी गर्मी से लोगों को राहत नहीं मिल रही है। घरों के अंदर रहना मुश्किल हो गया है। गर्मी से बचने के लिए लोग पंखे, कूलर और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों का सहारा ले रहे हैं, लेकिन बार-बार हो रही बिजली कटौती इन उपायों को बेअसर कर रही है।
रात के समय बिजली जाने से लोग पूरी रात जागने को मजबूर हैं। इस समस्या का सबसे ज्यादा असर छोटे बच्चों और बुजुर्गों पर पड़ रहा है, जिससे उनके स्वास्थ्य पर भी विपरीत प्रभाव पड़ने लगा है। कई परिवार गर्मी से राहत पाने के लिए छतों या खुले में रात बिताने को विवश हैं।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि भीषण गर्मी के बावजूद नियमित बिजली आपूर्ति न होना गंभीर समस्या बन गई है। उन्होंने बिजली विभाग से रात में कटौती, ट्रिपिंग और लो वोल्टेज की समस्या को जल्द दूर करने की मांग की है।