Maharajganj News : पेट्रोल डीजल की किल्लत या इसके पीछे कोई खेल ? सामने आ रहा ये सच

    27-Apr-2026
Total Views |

कोल्हुई। क्षेत्र में पेट्रोल और डीजल की बढ़ती किल्लत के बीच एक चौंकाने वाला खेल सामने आ रहा है। इन दिनों पेट्रोल एवं डीजल की समस्या से जहाँ आम लोग भटकने पर मजबूर हैं, वहीँ इसी बीच यह भी पता चला है कि कई लोग बाइक की टंकी खाली कर फिर से ईंधन के लिए पंपों पर लाइन लगा रहे हैं और तेल को दोगुने दाम में बेच रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, क्षेत्र के कई पंपों पर 'डीजल-पेट्रोल नहीं है' के बोर्ड लगे हैं। ऐसे में जिन भी पंपों पर ईंधन उपलब्ध है वहां लंबी लाइनें देखने को मिल रही हैं। भीड़ इस कदर हो रही है कि पंप कर्मियों एवं उपभोक्ताओं के बीच झड़प की स्थिति भी उत्पन्न हो जा रही है।


सबसे अधिक परेशानी रोजमर्रा के कामकाज करने वाले लोगों एवं व्यवसायियों को हो रही है। स्कूल काॅलेज जाने वाले वाहन एवं नौकरी पेशा लोग समय से गंतव्य तक नहीं पहुंच पा रहे है। कई पेट्रोल पंपों पर घंटों लाइन में खड़े रहने के बाद भी खाली हाथ वापस लौटना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों राजाराम, विनोद, विपिन इत्यादि का कहना है कि क्षेत्र के कोल्हुई, बभनी, जिगिनिहा एवं बेलौही पेट्रोल पंप पर जहां लंबी कतार लग रही है। वहां बाइक सवार कालाबाजारी पेट्रोल पंपों पर टंकी फुल करवाकर डिब्बे में खाली कर ले रहे हैं और फिर पेट्रोल पंप पर जाकर भरवा रहे हैं। इसके चलते सीमा क्षेत्र में डीजल-पेट्रोल दोगुने दाम पर बेचा जा रहा है। यह खेल रात दिन उन्हीं पंपों पर चल रहा है, जहां पर डीजल- पेट्रोल उपलब्ध है।