Maharajganj News : अब एआरटीओ के चक्कर खत्म! 1 मई से परमिट-टैक्स समेत सभी सेवाएं ऑनलाइन
28-Apr-2026
Total Views |
महराजगंज। आम लोगों के लिए बड़ी राहत की खबर है। अब एक मई से एआरटीओ कार्यालय की कई प्रमुख सेवाएं पूरी तरह ऑनलाइन हो जाएंगी। एआरटीओ कार्यालय की तरफ से परमिट, टैक्स, फिटनेस व रजिस्ट्रेशन जैसी सुविधाएं भी ऑनलाइन मिलेंगी। विभाग ने सारथी पोर्टल पर यह सुविधाएं जोड़ी हैं। नियमावली संशोधन के बाद ऑनलाइन मिलने वाली सहूलियत से एआरटीओ दफ्तर में चक्कर लगाने की मजबूरी खत्म हो जाएगी। साथ ही साथ ऑनलाइन प्रक्रिया में समय कम लगेगा और तय फीस में प्रक्रिया पूरी होने से लोगों को अतिरिक्त धन खर्च करने से निजात मिलेगी।
एआरटीओ कार्यालय की तरफ से डीएल में जन्मतिथि सुधार से लेकर पुराने वाहन का नंबर नए वाहन में ट्रांसफर कराने और परमिट के अस्थायी उपयोग बंद करने तक की सभी प्रक्रियाएं ऑनलाइन कर दी गई हैं। संभागीय निरीक्षक परिवहन आरडी प्रसाद वर्मा ने बताया कि परिवहन विभाग के नए संशोधित नियम लागू होने से यह सहूलियत बढ़ी है।
सारथी और वाहन पोर्टल के जरिये यह सेवाएं आसान, पारदर्शी और समयबद्ध तरीके से उपलब्ध होंगी। उन्होंने बताया कि मोटरयान नियमावली, 1998 में संशोधन से अब ड्राइविंग लाइसेंस में जन्मतिथि सुधार, वाहन रजिस्ट्रेशन नंबर को नए वाहन में ट्रांसफर (पोर्ट) करने और परमिट के अस्थायी गैर-उपयोग जैसी प्रक्रियाएं पूरी तरह ऑनलाइन होंगी।
यह प्रमाणपत्र जरूरी उक्त ऑनलाइन सहूलियत के लिए कुछ प्रपत्रों को अनिवार्य किया गया है। इसमें हाईस्कूल प्रमाणपत्र, जन्म प्रमाणपत्र मुख्य चिकित्सा अधिकारी से जारी प्रमाणपत्र अपलोड करना अनिवार्य होगा। साथ ही वाहन मालिक अपने पुराने वाहन का नंबर नए वाहन में एक वर्ष के भीतर ट्रांसफर करा सकेंगे।