Maharajganj News : झोलाछाप की सुई बनी काल ! 16 साल की बच्ची की संदिग्ध मौत

    28-Apr-2026
Total Views |

महराजगंज।
जिले के सदर कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम सभा कटहरा टोला उसरहवा में एक दर्दनाक घटना सामने आयी है, जहां एक झोलाछाप डॉक्टर द्वारा सुई लगाए जाने के बाद 16 वर्षीय किशोरी रिंकी साहनी की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, सुई लगने के कुछ ही देर बाद किशोरी के मुंह से झाग निकलने लगा और उसकी हालत बिगड़ गई, जिसके बाद उसकी मौत हो गई।


परिजनों का कहना है कि संबंधित झोलाछाप डॉक्टर धर्मेंद्र साहनी पिछले कई वर्षों से गांव में बिना वैध अनुमति के इलाज कर रहा था। हालांकि, इस संबंध में अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया है। उल्लेखनीय है कि मृतका के पिता रामबेलाश साहनी का भी करीब 10 दिन पहले निधन हो चुका था,जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

परिजनों ने सदर कोतवाली में तहरीर देकर आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।