Maharajganj News : गाड़ी बेचने के नाम पर खेला बड़ा खेल! 2 लाख लेकर मुकरा कारोबारी, अब दे रहा धमकी
29-Apr-2026
Total Views |
सिंदुरिया। कोतवाली थाना क्षेत्र के ग्राम सभा चुनवटिया निवासी इस्तेयाक अली ने मंगलवार को अनाज व्यवसायी और उसकी पत्नी पर दो लाख रुपये की धोखाधड़ी का गंभीर आरोप लगाया है। पीड़ित ने पुलिस अधीक्षक को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार, इस्तेयाक ने बताया कि वह व्यवसायी मेरा अनाज खरीदता था, इसके चलते उससे जान-पहचान हो गई। दो दिसंबर 2024 को व्यवसायी ने कहा कि मुझे अपना चार पहिया वाहन बेचना है। कोई ग्राहक हो तो बताएं। मैंने गाड़ी देखी तो मुझे पसंद आ गई। इस पर मैंने उसी दिन उनके बैंक ऑफ बड़ौदा के खाते में 86.5 हजार रुपये भेज दिया और 1.15 लाख का गेहूं के रुपये जो उनके पास था वह एडजस्ट कराकर 2,01,500 रुपये का भुगतान कर दिया।
शेष रुपये के लिए कह दिया कि जिस दिन गाड़ी ले जाऊंगा, उसी दिन खाते में ट्रांसफर कर दूंगा लेकिन इसी बीच व्यवसायी ने गाड़ी किसी और के हाथ बेच दी। जानकारी होने पर मैंने रुपये वापस करने की बात कही तो वह हीला-हवाली करने लगा।
काफी दबाव देने पर एक पेपर पर लिखकर दिया कि 23 दिसबंर 25 तक मैं आपका पैसा दे दूंगा। मगर आरोपी ने अभी तक रुपये वापस नहीं किए हैं। साथ ही मांगने पर झूठे केस में फंसाने की धमकी भी दे रहा है। इसकी सूचना कई बार स्थानीय थाना पर देने के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। थक-हारकर इस्तेयाक ने पुलिस अधीक्षक को तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।