Maharajganj News : पेट्रोल संकट के बीच 'ई-रिक्शा राज'! 100 मीटर बढ़ा तो किराया डबल
29-Apr-2026
Total Views |
महराजगंज। ठूठीबारी में पेट्रोल-डीजल की किल्लत के बीच लोगों को राहत देने वाले ई-रिक्शा अब यात्रियों के लिए परेशानी का सबब बनते जा रहे हैं। क्षेत्र में ई-रिक्शा चालकों द्वारा मनमाने तरीके से किराया वसूले जाने से आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थिति यह है कि किसी भी रूट के लिए कोई तय किराया निर्धारित नहीं है। कुछ चालक जहां उचित किराया लेते हैं, वहीं कई चालक दूरी के बजाय अपनी मर्जी से किराया तय कर रहे हैं। उदाहरण के तौर पर 1 किलोमीटर का किराया 15 रुपए लिया जाता है, लेकिन मात्र 100 मीटर दूरी बढ़ने पर किराया दोगुना कर दिया जाता है।
कई मामलों में यदि यात्री अधिक किराए पर आपत्ति जताते हैं, तो उन्हें वाहन में बैठाने से ही मना कर दिया जाता है। इससे खासकर बुजुर्गों और मरीजों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि किराए को लेकर विरोध करने पर कुछ चालक अभद्रता और मारपीट तक पर उतारू हो जाते हैं, जिससे यात्रियों में डर का माहौल बना हुआ है।
क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि ई-रिक्शा के लिए तय किराया सूची लागू की जाए और मनमानी करने वाले चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि आम जनता को राहत मिल सके।