Maharajganj News : एम्बुलेंस तो पहुंची, लेकिन सड़क नहीं! मरीज को ऐसे पहुंचाया गया
03-Apr-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले के बसंतपुर डीह टोले से सामने आये एक वीडियो ने विकास के दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। वायरल हो रहे इस वीडियो में ग्रामीण एक मरीज को चारपाई पर उठाकर कच्चे रास्ते से उठाकर एम्बुलेंस तक ले जाते दिख रहे हैं।
वीडियो में साफ़ देखा जा सकता है कि गाँव में सड़क की उचित व्यवस्था न होने के कारण एम्बुलेंस घर तक नहीं पहुँच सकी। मजबूरी में परिजन और ग्रामीण मरीज को चारपाई पर लिटाकर पैदल ही एम्बुलेंस तक ले गए। इस दौरान कई लोग साथ में जाते नज़र आये जिनमे महिलाएं और बच्चे भी शामिल थे।
जानकारी के अनुसार, यह वही गांव है जिसे राज्य और केंद्र सरकार की योजनाओं के तहत विकास के लिए सम्मानित किया जा चुका है। ऐसे में इस तरह की तस्वीरें सामने आना सरकारी दावों और जमीनी हकीकत के बीच बड़े अंतर को उजागर करता है।
ग्रामीणों का कहना है कि अगर ग्राम प्रधान के निवास वाले इलाके में ही सड़क और स्वास्थ्य सुविधा की यह स्थिति है, तो अन्य टोले की हालत का अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं है। लोगों का आरोप है कि गांव में मूलभूत सुविधाओं की अनदेखी की जा रही है, जबकि कागजों में यह 'मॉडल गाँव' बताया जा रहा है।
इस घटना के सामने आने के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी है और उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि गांव में सड़क, स्वास्थ्य और आपातकालीन सेवाओं की व्यवस्था जल्द सुधारी जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की परेशानी किसी मरीज को न हो।