Maharajganj News : नकली सोने का खेल खत्म! ज्वेलर्स को ठगने वाला टप्पेबाज पहुंचा जेल
03-Apr-2026
Total Views |
नौतनवा। अड्डा बाजार में ज्वेलरी की दुकान पर नकली सोने को असली बताकर बेचने वाले गिरोह के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। इस मामले में एक आरोपी को गुरुवार की सुबह जेल भेज दिया गया। आरोपी को कुछ पीली धातु निर्मित जेवरात एवं करीब दस हजार रुपये नकदी समेत हिरासत में लेकर न्यायालय चालान किया गया। जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
बता दें कि अड्डा बाजार के कुछ स्वर्ण व्यवसायियों ने थाने में तहरीर देकर तीन लोगों पर नकली सोने को असली बताकर बिक्री करने और उसके बदले में हजारों रुपये वसूलने का आरोप लगाया था।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने राकेश गौड़, सरोज गौड़ एवं सुमन गौड़ निवासी रामूघाट थाना पीपीगंज जनपद गोरखपुर के विरुद्ध धोखाधड़ी एवं चोरी की संपत्ति को बेईमानी से अर्जित करने की धारा में प्राथमिकी दर्ज कर जांच कार्रवाई में जुटी हुई थी।
थानाध्यक्ष पुरुषोत्तम राव ने बताया कि मुकदमे में वांछित अभियुक्त राकेश गौड़ निवासी रामूघाट थाना पीपीगंज जनपद गोरखपुर को अड्डा बाजार से हिरासत में लिया गया। उसके पास से कुछ पीली धातु से निर्मित जेवरात एवं 9,850 रुपये नकद बरामदगी हुई। दर्ज प्राथमिकी के तहत अभियुक्त का न्यायालय चालान किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
पुलिस अब अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है और पूरे गिरोह के नेटवर्क को खंगाल रही है।