Maharajganj Politics : आश्वासन से नहीं मानेंगे! धरने पर अड़े पूर्व विधायक, प्रशासन में बढ़ी हलचल
30-Apr-2026
Total Views |
नौतनवा। क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं को लेकर पूर्व विधायक की ओर से 30 अप्रैल को प्रस्तावित धरने की चेतावनी के बाद प्रशासनिक अमले में हलचल तेज हो गई है। बुधवार को तहसील में पूर्व विधायक से वार्ता कर आश्वासन देते हुए धरना स्थगित करने को कहा लेकिन सहमति नहीं बन सकी।
जानकारी के अनुसार, बुधवार की सुबह अपर जिलाधिकारी प्रशांत कुमार एवं अपर पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ नौतनवा तहसील पहुंचे। पूर्व विधायक अमन मणि त्रिपाठी को भी बुलाया गया। एसडीएम के बंद कार्यालय में पूर्व विधायक से पुलिस और राजस्व विभाग के तमाम अधिकारियों ने करीब ढाई घंटे तक वार्ता कर आश्वासन देते हुए उनसे धरना स्थगित करने को कहा लेकिन जनहित के मुद्दे से पीछे न हटने की बात कहते हुए पूर्व विधायक अपनी बात पर अडिग रहे।
पूर्व विधायक अमन मणि त्रिपाठी का कहना है कि वह एडीएम और एएसपी के बुलावे पर तहसील आए थे, यहां अधिकारियों से बिंदुवार चर्चा हुई। अधिकारियों ने मांगों को अमल में लाने का आश्वासन दिया लेकिन हर बार सिर्फ आश्वासन से जनता को न्याय नहीं मिल सकता। गुरुवार को समस्त जनहित मुद्दे को लेकर क्षेत्रवासियों के साथ नौतनवा तहसील परिसर में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा और जब तक मांगों पर उचित कार्रवाई नहीं हो जाती तब तक आंदोलन जारी रहेगा।