Maharajganj News : अब भटकना नहीं पड़ेगा! एक ही जगह मिलेंगी ऑटो, बस और टूरिस्ट गाड़ियां

    30-Apr-2026
Total Views |

महराजगंज।
जिला मुख्यालय पर यात्रियों की सुविधा के लिए बड़ा कदम उठाया जा रहा है। लोगों को आने वाले दिनों में एक ही स्थान से प्राइवेट सवारी गाड़ी, ऑटो और पर्यटक वाहन मिल सकेंगे।

नगर पालिका परिषद महराजगंज ने कांट्रेक्ट कैरिज बस स्टॉप के लिए दो एकड़ भूभाग की निविदा आमंत्रित की है। यह भूभाग नगर पालिका परिषद के पांच किमी के दायरे में सड़क किनारे होनी चाहिए।

जनपद मुख्यालय से फरेंदा, निचलौल व पनियरा के लिए रोडवेज बसें संचालित हैं। इन रूटों के अलावा शिकारपुर, घुघली, सिसवां, ठूठीबारी, चौक इत्यादि के लिए प्राइवेट वाहन के रूप में ऑटो, मैजिक व प्राइवेट बसें भी संचालित होती हैं। लेकिन किसी रूट पर प्राइवेट वाहनों को खड़ा करने का प्रबंध नहीं है।


सड़क किनारे ही ऑटो व बस इत्यादि रुकते हैं और यात्रियों को इनकी सुविधा के लिए उसी मार्ग पर जाकर इंतजार करना पड़ता है। शासन की तरफ से कांट्रेक्ट कैरिज बस स्टेशन प्रावधान को मंजूरी मिलने से नगर पालिका परिषद ने पांच किमी के दायरे में जमीन की तलाश तेज कर दी है।

यदि किसी के पास दो एकड़ जमीन नगर पालिका क्षेत्र के दायरे में है तो वह इसके लिए आवेदन कर सकता है। जिला स्तरीय समिति के अनुमोदन के बाद यहां न सिर्फ वाहनों की पार्किंग का स्थान तय हो सकेगा, बल्कि प्राइवेट या टूरिस्ट वाहन भी इसी स्थान पर मिलेंगे। इससे लोगों को भटकना नहीं पड़ेगा।