Truth Or Fake Fuel Shortage : ड्राई का बोर्ड बाहर और अंदर चल रहा तेल का खेल ! जुगाड़ लगाइये, तेल ले जाइये

    30-Apr-2026
Total Views |

शिवानी श्रीवास्तव

महराजगंज। जिले में डीजल-पेट्रोल की किल्लत ख़त्म होने का नाम ही नहीं ले रही है। अधिकांश पेट्रोल पंप दिन में ड्राई हो जा रहे हैं और लोगों को तेल के लिए परेशान होना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि कई स्थानों पर भोर में चार बजे से ही लंबी कतारें लग रही हैं, लेकिन फिर भी लोगों को निराश लौटना पड़ रहा है और उन्हें तेल नहीं मिल पा रहा।

मिली जानकारी के अनुसार, फरेंदा और आसपास के क्षेत्रों में कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन की आपूर्ति बाधित है और अधिकांश पंप ड्राई पड़े हैं। पर अब एक नयी बात निकल कर सामने आ रही है कि अगर आपका जुगाड़ है तो आपको तेल मिल सकता है।

बुधवार को एक ऐसा ही मामला सामने आया जहाँ जिला मुख्यालय के एक पंप पर ट्रैक्टर चालक को गैलन में तेल दिया जा रहा है जबकि बाइक सवाल घंटों लाइन में खड़े रहकर वापस लौटने पर मजबूर हैं। सवाल तो यह है कि अगर तेल नहीं है तो जुगाड़ से ट्रैक्टर चालक को गैलन में कैसे मिल रहा। क्योंकि पंप पर तो पहले ही पंप ड्राई का नोटिस लगा हुआ है।

अगर सूत्रों की माने तो पंप वाले तेल आने की सूचना अपने जानने वालों को देते हैं और वे आराम से आकर तेल भरा लेते हैं। इसका नतीजा यह है कि ईंधन कि कालाबाज़ारी और ब्लैकमेलिंग जोरों पर है। जिसको ज़्यादा मजबूरी है वह ऊंचे दामों पर तेल खरीद रहा है। इससे आम लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।


स्थानीय लोगों का कहना है कि पेट्रोल-डीजल की कमी से दैनिक जीवन प्रभावित हो रहा है। इस मामले में जिम्मेदार अधिकारी मूकदर्शक बने हुए हैं। क्योंकि शासन स्तर पर इस कमी को माना ही नहीं जा रहा है। जबकि धरातल पर सच ये है कि व्यापार, खेती और आवागमन सभी पर इसका असर पड़ रहा है।

पेट्रोल पंप पर तेल भराने आये लोग इस डर में हैं कि कहीं उनकी गाड़ी रास्ते में खड़ी न हो जाये। वहीँ कोई शादी विवाह में जाने के लिए दोगुने तीनगुने दाम देकर तेल भरा रहा है, किसी की दुकान इस वजह से बंद पड़ी है कि घर से दुकान दूर है और गाड़ी में तेल नहीं है। इस समस्या का अगर जल्द समाधान नहीं किया गया तो स्थिति बेहद भयावह हो जाएगी।

लोग प्रशासन से यही अपील कर रहे हैं कि जल्द से जल्द आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु किया जाए, ताकि लोगों को राहत मिल सके।