Maharajganj News : सिसवा में गैस संकट गहराया! बाजार में 2000 रुपये में बिक रही गैस
30-Apr-2026
Total Views |
सिसवा बाजार। नगर में रसोई गैस की किल्लत से उपभोक्ता परेशान हैं। गैस एजेंसी के गोदाम के बाहर रोजाना सैकड़ों लोग तपती धूप में सिलेंडर के इंतजार में खड़े रहते हैं, लेकिन कई बार बिना सिलेंडर लिए ही लौटने को मजबूर हो जाते हैं। अक्सर देखा जा रहा है कि तमाम लोग बगैर गैस सिलेंडर लिए ही वापस जा रहे हैं। वहीं कस्बा निवासी अजीत का आरोप है कि 2 हजार के रेट से बाजार में सिलेंडर धड़ल्ले से बेचा जा रहा है।
कस्बे के निवासी अजीत का कहना है कि जब उपभोकताओं के लिए सिलेंडर आपूर्ति नहीं हो पा रही है, तो कालाबाजारियों को इसकी आपूर्ति कहां से हो रही है, यह जांच का विषय है। गोपालनगर निवासी इलियास और फरीद अहमद का आरोप है कि गोदाम पर दलालों का बोलबाला है।
यदि कोई उपभोक्ता विरोध करता है तो उसे मारने-पीटने की धमकी दे कर चुप करा दिया जाता है। नौका टोला निवासी अमित का आरोप है कि सिंह गैस एजेंसी के कार्यालय के कर्मचारी मनमानी करने से बाज नहीं आ रहे हैं। होम डिलेवरी के लिए ओटीपी मिलने के बाद भी गैस आपूर्ति नहीं की जा रही है। बाद में पता चलता है कि वह गैस सिलेंडर किसी और को डिलिवर कर दिया गया है।
इस संदर्भ में सिंह गैस एजेंसी के संचालक कमलेश सिंह ने कहा कि आरोप निराधार हैं। उनकी एजेंसी से सुचारु रूप से गैस की डिलिवरी की जा रही है।