Maharajganj News : पराली की आग बनी कहर! पड़ोसी के बाग में मची तबाही, दर्जनभर पेड़ राख
30-Apr-2026
Total Views |
बृजमनगंज। थाना क्षेत्र के ग्रामसभा सोनाबंदी में पराली जलाने की घटना ने बड़ा नुकसान कर दिया। पराली में आग लगाने से पड़ोसी के बाग में 12 पेड़ जल गए। पुलिस ने बुधवार को पीड़ित अनुपम द्विवेदी की तहरीर पर आरोपी जमील अहमद के विरुद्ध गंभीर धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
जानकारी के अनुसार, मामला थाना बृजमनगंज के ग्रामसभा सोनाबंदी के टोला ओड़वलिया गोसाईं का है। पीड़ित ने अपनी तहरीर में बताया है कि उसके बाग के बगल के खेत के मालिक ने 25 अप्रैल को अपने खेत में गेहूं की पराली में आग लगा दी थी।
इससे खेत की पराली के साथ ही उसके बाग में भी भयंकर आग लग गई। इससे बाग में लगे आम, करौदा, नींबू व सागौन सहित अन्य 15 वर्ष पुराने एक दर्जन पेड़ जलकर राख हो गए।
एसओ सत्यप्रकाश सिंह ने बताया कि पीड़ित अनुपम द्विवेदी ने उपजिलाधिकारी फरेंदा व थाना बृजमनगंज में प्रार्थना पत्र देकर पराली जलाने वालों के विरुद्ध कार्रवाई व मुआवजे की मांग की है। मामले की छानबीन करने के बाद आरोपी जमील अहमद निवासी ग्रामसभा बंजरहा सोनबरसा टोला सीकरी के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई है।