Maharajganj News : आधार की मार से उबल पड़ा गुस्सा, तपती धूप में सड़क जाम कर बैठे ग्रामीण

    06-Apr-2026
Total Views |

महराजगंज। नौतनवा में आधार कार्ड बनवाने और सुधार कराने में लगातार आ रही दिक्कतों से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। रतनपुर ब्लॉक क्षेत्र में लोगों ने ठूठीबारी-नौतनवा मुख्य मार्ग को जाम कर दिया। इतनी तेज़ धूप में घंटों तक सड़क पर बैठकर प्रदर्शन करते हुए उन्होंने प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।

ग्रामीणों का आरोप है कि वे पिछले कई दिनों से आधार कार्ड बनवाने और उसमें सुधार कराने के लिए केंद्रों के चक्कर लगा रहे हैं लेकिन उन्हें अक्सर मशीन खराब होने या कर्मचारियों के अनुपस्थित रहने के कारण लौटना पड़ता है।


इससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है, खासकर उन व्यक्तियों को जिनके आवश्यक कार्य आधार से जुड़े हुए हैं।प्रदर्शन के कारण ठूठीबारी-नौतनवा मुख्य मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यातायात पूरी तरह बाधित हो गया। कुछ ग्रामीणों ने अधिकारियों पर बदजुबानी और लापरवाही के भी आरोप लगाए। उनका कहना था कि प्रशासन इस गंभीर समस्या को गंभीरता से नहीं ले रहा है।

सूचना मिलने पर नौतनवा के नायब तहसीलदार सौरभश्रीवास्तव मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाने का प्रयास किया और जल्द ही आधार सेवाओं को सुचारु रूप से संचालित कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद प्रदर्शन समाप्त हुआ और जाम खुल सका।