Maharajganj News : बिना इंडिकेटर दिए मोड़ी गाड़ी! फिर जो हुआ उसने रोक दिया ट्रैफिक
06-Apr-2026
Total Views |
महराजगंज। रविवार शाम करीब 7:30 बजे मुख्यालय-फरेंदा हाईवे पर मामूली सड़क हादसा बड़े बवाल में बदल गया। रोडवेज बस से टक्कर लगने के बाद ई रिक्शा चालक ने रोडवेज के चालक को पीट दिया। इसके बाद विरोध में रोडवेज बस में सवार यात्री नीचे उतर आए तो जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। इसे संभालने के लिए यातायात पुलिस को उतरना पड़ा।
मुख्यालय से फरेंदा हाईवे पर स्थित मॉडल शाप है। दिन डूबते ही हाईवे पर गाड़ी पार्क कर कई लोग मॉडल शाप में चले जाते हैं। इससे यहां कार व बाइकों की लाइन लग जाती है। रविवार शाम लगभग साढ़े सात बजे के आसपास एक ई-रिक्शा चालक हाईवे पर वाहन खड़ी कर मॉडल शाप में गया था।
वहां से लौटने के बाद ई-रिक्शा बिना किसी इंडीकेटर या इशारे के मोड़ने लगा। इससे ई रिक्शा फरेंदा की तरफ से आ रही रोडवेज बस की चपेट में आ गई। रोडवेज चालक अनिल वर्मा ने ई-रिक्शा बचाने का प्रयास किया लेकिन हल्की ठोकर लग गई। इससे तमतमाये ई-रिक्शा चालक ने बस रुकवाकर चालक अनिल वर्मा को पीट दिया।
इस मारपीट में रोडवेज चालक की आंख व नाक पर गंभीर चोटें आई। गलती करने के बाद भी बस चालक की पिटाई बस में सवार यात्रियों को नागवार लगी और सभी नीचे उतर आए। हाईवे पर रोडवेज रुकने व भीड़ के कारण जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। यह स्थिति लगभग 15 मिनट तक हाईवे पर बनी रही। इसके कारण दोनों तरफ से वाहनों की कतार लग गई।
यातायात इंस्पेक्टर अरुणेंद्र प्रताप सिंह ने मौके पर पहुंचकर मोर्चा संभाला तब जाम की स्थिति समाप्त हो सकी।