Maharajganj News : अब बीमारी नहीं बनेगी बोझ! समूह की महिलाओं को मिलेगा 5 लाख तक का फ्री इलाज

    09-Apr-2026
Total Views |

महराजगंज।
राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन से जुड़े स्वयं सहायता समूहों के लिए खुशखबरी है। अब इन समूहों के सभी सदस्यों के आयुष्मान कॉर्ड बनाये जायेंगे जिससे वह स्वयं और अपने परिवार के सदस्यों का बेहतर ढंग से इलाज करा सकेंगे।

स्वयं सहायता समूह से जुड़े लोगों को रोजगार से जोड़ने के लिए ही अब तक प्रयास किए जाते रहे हैं। समूह के लोगों की आर्थिक स्थिति कमजोर होने पर वे स्वयं व परिवार के सदस्यों का बेहतर इलाज कराने में समर्थ नहीं हो पाते हैं। सरकार ने उनकी इस समस्या पर ध्यान केंद्रित कर अब समूह से जुड़े सदस्यों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के तहत आयुष्मान कॉर्ड बनाने का निर्णय लिया है।


इसके तहत अब वे स्वयं व परिवार के किसी सदस्य के बीमार होने की दशा में पांच लाख रुपये तक का इलाज करा सकेंगे। इस व्यवस्था से जहां उन्हें मानसिक तनाव से मुक्ति मिलेगी वहीं स्वास्थ्य लाभ भी मिल सकेगा। कॉर्ड बन जाने के उपरांत स्वास्थ्य शिविर के माध्यम से स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा।

जांच में स्वास्थ्य ठीक नहीं मिलने पर सुधार की दिशा में कदम उठाए जाएंगे। राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन के प्रबंधक आनंदमय त्रिपाठी ने कहा कि कॉर्ड बन जाने से समूह के सदस्यों को लाभ मिलेगा। शिविर की तिथि का भी निर्धारण जल्द ही कर दिया जाएगा।

इस पहल से न सिर्फ इलाज आसान होगा, बल्कि लोगों को मानसिक तनाव से भी राहत मिलेगी।