Gorakhpur News : एक टिप्पणी और बहा खून! मेडिकल स्टोर संचालक का युवक पर जानलेवा हमला
09-Apr-2026
Total Views |
पादरी बाजार। शाहपुर क्षेत्र के हनुमंतनगर में मामूली सी बात ने अचानक हिंसक रूप ले लिया। सोमवार शाम एक मेडिकल स्टोर संचालक उमेश प्रजापति ने फल विक्रेता सूरज पर धारदार हथियार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल का इलाज मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
प्राप्त अनुसार, हनुमंतनगर सेक्टर-2 निवासी संजीव पासवान ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि असुरन क्षेत्र में उनकी फल की दुकान है। सोमवार शाम करीब 6:30 बजे उनका बेटा युवराज पासवान और भतीजा सूरज दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। जब दोनों हनुमंतनगर गेट के पास पहुंचे तो सूरज ने पास में खुले एक नए मेडिकल स्टोर को देखकर टिप्पणी कर दी।
आरोप है कि इतनी सी बात पर मेडिकल स्टोर संचालक उमेश प्रजापति भड़क गया और सूरज के सीने पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। घटना के बाद परिजन घायल को तुरंत जिला अस्पताल ले गए, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया।
थाना प्रभारी चंद्रभान सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।