Maharajganj News : भारत-नेपाल बॉर्डर पर अचानक एक्शन, पकड़ में आया कौन सा बड़ा खेल?
09-Apr-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले के भारत नेपाल सीमा से सटे इलाकों में नकली और नशीली दवाओं की बिक्री तथा तस्करी के खिलाफ प्रशासन ने बड़ा प्रहार किया है। बुधवार को स्वास्थ्य विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन की संयुक्त टीमों ने भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा से सटे इलाकों में दर्जन भर से अधिक मेडिकल स्टोरों पर छापेमारी की, जिससे इलाके में हड़कंप मच गया।
इस दौरान, प्रशासनिक टीमों ने मेडिकल स्टोरों से कई महत्वपूर्ण दवाओं के नमूने लिए। इसके साथ ही, मेडिकल स्टोर संचालकों के लाइसेंस, रजिस्ट्रेशन और अन्य आवश्यक दस्तावेजों की भी गहनता से जांच की गई।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने बताया कि जनपद स्तर पर एक विशेष टीम का गठन किया गया है। यह टीम सभी मेडिकल स्टोरों पर जाकर उनके लाइसेंस की वैधता की जांच कर रही है और दवाओं के नमूने एकत्र कर रही है।
एसडीएम नवीन कुमार ने जानकारी दी कि भारत-नेपाल सीमा एक संवेदनशील क्षेत्र है। यहां नशीली दवाओं की तस्करी की कई शिकायतें पहले भी मिल चुकी हैं। इसी के मद्देनजर आज सीमावर्ती क्षेत्रों में संचालित मेडिकल स्टोरों पर यह छापेमारी की गई है।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि शासन की मंशा साफ है कि नशीली दवाओं के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। योगी सरकार इस समय नकली और नशीली दवाओं के खिलाफ विशेष अभियान चला रही है।
इस बड़ी कार्रवाई से मेडिकल स्टोर संचालकों में हड़कंप मच गया है, जबकि आम जनता में इसे लेकर राहत की भावना देखी जा रही है।