Maharajganj News : खिड़की लगाने को लेकर बवाल! लोहे की रॉड से हमला, चार पर केस दर्ज

    01-May-2026
Total Views |

महराजगंज
। बरगदवां थाना क्षेत्र के शीशगढ़ टोला खैरटवां गांव में खिड़की लगाने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। मारपीट की इस घटना में एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि उसकी पत्नी को भी चोटें आईं। पुलिस चार लोगों पर प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।

पुरन गुप्ता ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया है कि 28 अप्रैल को सुबह करीब 10 बजे कुछ लोग उसके मकान से सटाकर खिड़की लगा रहे थे। विरोध करने पर मामला बढ़ा और डायल 112 पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद दोनों पक्षों को थाने बुलाया गया, जहां सुलहनामा हुआ और विपक्षियों को मकान से सटाकर खिड़की न लगाने के निर्देश दिए गए।

अगले ही दिन 29 अप्रैल को दोपहर करीब 1:30 बजे विपक्षीगण फिर से मकान के पास खिड़की लगाने लगे। विरोध करने पर सुबाष, चमन, जोखन और सुधा ने गाली-गलौज करते हुए ईंट-पत्थरों से हमला कर दिया। इस दौरान सुबाष और चमन ने लोहे की रॉड से पुरन गुप्ता के सिर पर वार कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।


बीच-बचाव करने पहुंची उसकी पत्नी गिरजा को भी चोटें आईं। शोर सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने किसी तरह मामला शांत कराया। इसके बाद आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए भाग गए।

थानाध्यक्ष बरगदवा शैलेन्द्र कुमार शुक्ला ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी सुबाष, चमन, जोखन, सुधा निवासी शीशगढ़ टोला खैरटवां के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।