Maharajganj News : एक माह बाद भी परिषदीय स्कूलों में आधी-अधूरी किताबें, कैसे होगी पढ़ाई?
01-May-2026
Total Views |
सिंदुरिया। शैक्षणिक सत्र शुरू हुए करीब एक महीना बीतने वाला है फिर भी परिषदीय विद्यालयों में अब तक कक्षा एक से आठ तक की सभी किताबें स्कूलों को नहीं मिल पाई हैं। स्कूलों की संख्या के लिहाज से कम विद्यालयों में ही किताबों की आपूर्ति हुई है। जहां किताबें भेजी भी गई हैं, वहां सभी विषयों की किताबें नहीं हैं। परिषदीय विद्यालयों में आधी-अधूरी किताबों की आपूर्ति से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है।
मिठौरा क्षेत्र के परिषदीय स्कूलों में कक्षा एक से आठवीं तक के बच्चों को फ्री किताबें दी जाती हैं। हर साल पहले से ही किताबों की आपूर्ति की प्रक्रिया शुरू कर दी जाती है लेकिन इस बार वितरण की रफ्तार धीमी है।
शिक्षकों का कहना है कि कई स्कूलों में कुछ कक्षाओं की ही किताबें पहुंची हैं, जबकि कई विषयों की पुस्तकें अब तक नहीं मिली हैं। ऐसे में बच्चों को या तो पुरानी किताबों से पढ़ाना पड़ रहा है या फिर एक ही किताब से कई छात्र पढ़ाई कर रहे हैं। इससे पढ़ाई का प्रभावित होना तय है। अभिभावक संगीता, सुनील, नर्वदेश्वर, बेचू, रमेश, अनिरुद्ध इत्यादि का कहना है कि सभी किताबें न मिलने से बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है।
मामले में पूछने पर खंड शिक्षाधिकारी आनंद कुमार मिश्र ने बताया कि सभी विषयों की किताबें अभी जिले से नहीं मिली हैं। जो मिली हैं, उन्हें चरणबद्ध तरीके से विद्यालयों तक पहुंचाया जा रहा है। जल्द ही सभी स्कूलों में सभी विषयों की पुस्तकें उपलब्ध करा दी जाएंगी।