Maharajganj News : जंगल में पेड़ से लटका मिला महिला का शव, इलाके में सनसनी, शुरू हुई जांच
01-May-2026
Total Views |
महराजगंज। पनियरा थाना क्षेत्र के बांकी रेंज अंतर्गत बभनौली परतावल मार्ग के पास स्थित दौलतपुर बीट के जंगल में गुरुवार दोपहर एक अज्ञात महिला का शव पेड़ से लटका होने से इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, शव ईंट भट्ठे से उत्तर दिशा में जंगल के भीतर साड़ी के फंदे से लटका हुआ मिला।
सूचना मिलते ही सीओ अंकुर गौतम, थानाध्यक्ष राघवेन्द्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों के अनुसार, बुधवार शाम तेज आंधी और बारिश के बाद गुरुवार को जंगल में लकड़ी बीनने के लिए महिलाओं की आवाजाही बढ़ी थी। इसी दौरान कुछ महिलाओं ने पेड़ से लटका शव देखा और शोर मचाया,जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।प्राथमिक जांच में शव काफी पुराना प्रतीत हो रहा है।
अनुमान है कि शव लगभग 15–20 दिन पुराना हो सकता है। शव का निचला हिस्सा सड़ चुका है, जबकि ऊपरी हिस्से पर कपड़े नहीं मिले। हालांकि, महिला के गले में लाल धागे में मंगलसूत्र, हाथों में कंगन और लाल चूड़ियां मिली हैं, जिससे उसके विवाहित होने की संभावना जताई जा रही है। फिलहाल शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
पुलिस आसपास के थानों से संपर्क कर पहचान कराने का प्रयास कर रही है। शव को कब्जे में लेकर पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। सदर सीओ अंकुर गौतम ने बताया कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और सभी पहलुओं पर पड़ताल जारी है।