Maharajganj News : डीएससी नंबर जारी, भुगतान भी पूरा...फिर भी नहीं मिल रहा गैस सिलेंडर

    11-May-2026
Total Views |

महराजगंज।
जिले में रसोई गैस की आपूर्ति व्यवस्था चरमरा गई है। शहर से लेकर गांव तक घर-घर गैस सिलेंडर की डिलीवरी का दावा किया जा रहा है। इसके बाद भी लोग गैस सिलेंडर के लिए इधर उधर भटक रहे हैं। स्थिति यह है कि डीएससी नंबर आने के 10-15 दिन बाद भी लोगों को गैस सिलेंडर नहीं मिल पा रहा है। लोग गैस एजेंसी के ऑफिस से लेकर गोदाम तक चक्कर लगा रहे हैं। वहीं गैस सिलेंडर न मिलने के कारण कई चाय-नाश्ते के दुकानदार भी परेशान हैं।

जिले में रसोई गैस की आपूर्ति व्यवस्था को लेकर उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश है। समय से गैस सिलेंडर न मिलने के कारण गरीब और मजदूर परिवारों के सामने भोजन बनाने का संकट खड़ा हो गया है। शनिवार को तरकुलवा में ही गैस सिलिंडर न मिलने पर एक उपभोक्ता ने गैस की गाड़ी रोक दी थी। तरकुलवा ग्राम सभा निवासी अजय कुमार पांडेय ने आरोप लगाते हुए बताया कि उन्होंने 22 तारीख को गैस सिलिंडर की बुकिंग कराई थी। ऑनलाइन भुगतान होने और डीएससी नंबर जारी होने के बावजूद अब तक सिलिंडर की डिलीवरी नहीं की गई।


उन्होंने बताया कि जब गैस से लदी गाड़ी लेकर हाकर तरकुलवा स्थित नेहरू नगर वार्ड नंबर-3 में पहुंता तो उन्होंने सिलेंडर देने की मांग की लेकिन हॉकर ने रसीद न होने का हवाला देते हुए सिलेंडर देने से इनकार कर दिया। पीड़ित उपभोक्ता का आरोप है कि मामले की जानकारी गैस एजेंसी संचालक चंद्रजीत भारती को फोन पर दी गई।

एजेंसी संचालक ने व्हाट्सएप पर डिटेल भेजने की बात कही लेकिन बाद में न तो संदेश देखा और न ही कोई जवाब दिया। इस घटना के बाद क्षेत्रीय उपभोक्ताओं में आक्रोश व्याप्त है। यही हाल ग्रामीण क्षेत्रों का भी है। सिसवा स्थित एचपी गैस एजेंसी पर रविवार को लंबी लाइन लगी थी। वहीं फरेंदा स्थित इंडियन, भारत गैस एजेंसी पर रविवार को गैस सिलेंडर लेने के लिए लोगों की लाइन लगी रही। भारत गैस एजेंसी पर पहुंचे फरेंदा निवासी अंकित ने बताया कि गैस लेने के लिए सुबह ही आया था। अभी लाइन में लगा हूं। लेकिन सिलेंडर नहीं मिला।