Maharajganj News : तीसरी बार बिना वर्दी दिखे तो जाएगी नौकरी! रोडवेज संविदाकर्मियों के लिए आया सख्त फरमान

    12-May-2026
Total Views |

महराजगंज
। परिवहन निगम ने संविदा चालक और परिचालकों के लिए नए नियम लागू करते हुए अनुशासन को लेकर सख्ती बढ़ा दी है। संविदा चालक व परिचालक महीने में अगर तीन बार बिना वर्दी और नेमप्लेट के मिलते हैं तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है। यहां तक कि डिपो की तरफ से उनकी संविदा समाप्त करने की संस्तुति भी एआरएम कर सकते हैं। साथ ही अब संविदाकर्मियों को गैर जनपद में तबादले की सुविधा भी उपलब्ध हो गई है।

महराजगंज डिपो में कुल 76 रोडवेज बसों का संचालन विभिन्न रूटों पर होता है। महराजगंज डिपो में 80 चालक व इतने ही परिचालक संविदा पर तैनात हैं। इन्हें अब तक तबादला का लाभ नहीं था लेकिन अब गैर जनपदों में तबादला की सुविधा उपलब्ध करा दी गई है।


डिपो को मिले पत्र में यह जिक्र किया गया है कि जो चालक या परिचालक छह माह अथवा 30 हजार किमी यात्रा पूरी कर चुके हैं वह तबादला के पात्र हैं। इस संदर्भ में राज्य प्रबंधक की तरफ से डिपो को पत्र मिलने के बाद एआरएम ने सभी संविदा चालक व परिचालकों को जानकारी दी है।