Maharajganj News : सोनौली में प्यासे लोग, करोड़ों की योजना बेकार! 6 साल से बंद पड़े वाटर एटीएम पर उठे सवाल

    12-May-2026
Total Views |

महराजगंज।
भारत-नेपाल सीमा पर स्थित सोनौली में भीषण गर्मी में पेयजल संकट गहराता जा रहा है। इस कारण राहगीरों और स्थानीय नागरिकों को बेहद परेशानी उठानी पड़ रही है। नगर पंचायत द्वारा लाखों रुपये खर्च कर लगाए गए वाटर एटीएम पिछले छह साल से बंद पड़े हैं, जिससे व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

छह साल पहले नगर क्षेत्र में प्रत्येक वाटर एटीएम को 20 लाख रुपये की लागत से स्थापित किया गया था। इनका मुख्य उद्देश्य यात्रियों और आम लोगों को सस्ती दर पर शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना था। शुरुआत में यह सुविधा सुचारु रूप से चल रही थी।

हालांकि, कुछ समय बाद दोनों वाटर एटीएम खराब हो गए और तब से दोबारा चालू नहीं हो सके हैं। कुनसेरवा चौराहे पर स्थित एक वाटर एटीएम को राष्ट्रीय राजमार्ग चौड़ीकरण के दौरान हटाकर गोदाम में रखा गया था, जिसे फिर से स्थापित करने के लिए कोई कदम नहीं उठाया गया। वहीं, ऑटो स्टैंड के सामने लगे दूसरे वाटर एटीएम का बोर भी खराब हो गया है।


नगर पंचायत प्रशासन ने पानी वितरण के लिए तैनात कर्मचारियों की सेवा भी समाप्त कर दी है। स्थानीय नागरिकों, जिनमें राजा सिंह, विनोद चौरसिया, रामनारायण, लव कुश, सुमित सिंह, मनोज गुप्ता, अरविंद कुमार और रवि सिंह शामिल हैं, ने बताया कि वाटर एटीएम बंद होने से उन्हें काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने नगर पंचायत से जल्द मरम्मत कराकर व्यवस्था बहाल करने की मांग की है।

इस संबंध में, अधिशासी अधिकारी राहुल यादव ने बताया कि बंद पड़े वाटर एटीएम को चालू कराने की प्रक्रिया जल्द शुरू की जाएगी।