Maharajganj News : रात में घर से निकला हकामुद्दीन सुबह पुलिया के नीचे मिला मृत, हत्या की आशंका से दहला गाँव
12-May-2026
Total Views |
भिटौली। स्थानीय थाना क्षेत्र के लक्ष्मीपुर देउरआ गांव निवासी 35 वर्षीय हकामुद्दीन का शव सोमवार को संदिग्ध हालात में कमता बुजुर्ग जाने वाले मार्ग पर पिपरिया के समीप एक पुलिया के नीचे मिलने से इलाके में सनसनी फ़ैल गयी है। शव पर कई जगह गहरे चोट के निशान मिलने से हकामुद्दीन की पत्नी ने हत्या का आरोप लगाया है। हालांकि अभी परिजनों ने तहरीर नहीं दी है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीपुर देउरवा से कमता बुजुर्ग जाने वाले मार्ग पर टोला पिपरिया में सोमवार को गांव के ही एक हकामुद्दीन युवक का पुलिया के नीचे संदिग्ध परिस्थितियों में शव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। बताया जा रहा है कि लक्ष्मीपुर देउरवां गांव निवासी हकामुद्दीन रविवार की देर रात करीब 10 बजे से घर से लापता हो गया था। परिजन भोजन करने के बाद अपने-अपने कमरे में सोने चले गए। परिजनों ने सोचा कि आसपास गांव में ही कहीं गया होगा। अभी आ जाएगा लेकिन देर रात तक वह घर नहीं पहुंचा।
सुबह 5 बजे जब ग्रामीणों का खेतों की तरफ आना-जाना शुरू हुआ तो किसी की नजर पुलिया के नीचे गिरे हकामुद्दीन के शव पर पड़ी। शव की शिनाख्त होने पर ग्रामीणों की भीड़ इकट्ठा हो गई। कुछ ही देर में परिजन भी मौके पर पहुंचे और चीखने-चिल्लाने लगे। ग्राम प्रधान ने घटना की सूचना पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार राय मय फोर्स घटनास्थल पर पहुंच गए और घटना की जांच में जुट गए। वहीं घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम भी पहुंच कर घटना के बारे जानकारी ली एवं मौके से साक्ष्य भी एकत्रित किए। हकामुद्दीन के पिता की मृत्यु बीते 8 वर्ष पहले ही हो गई थी। वह दो भाइयों में बड़ा था। मृतक के शरीर पर कई जगह गहरे चोट के निशान मिले हैं, जिससे परिजनों ने उसकी हत्या की आशंका जताई है।
हकामुद्दीन की तीन छोटी-छोटी लड़कियां हैं। पत्नी सरवर का रो-रोकर बुरा हाल है। वह बार-बार बोल रही थी कि मेरे पति की हत्या कर दी गई है। हकामुद्दीन मजदूरी करके अपने परिवार की परवरिश करता था। एसओ सत्येंद्र कुमार राय ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।तहरीर मिलने पर जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।