Maharajganj News : घर-घर पहुंच रही टीबी टीम, 15 हजार जांच में मिले 400 नए मरीज
12-May-2026
Total Views |
महराजगंज। 26 मार्च से चल रहे100 दिवसीय सघन टीबी उन्मूलन अभियान के तहत घर-घर जाकर स्वास्थ्य टीम टीबी के मरीजों की स्क्रीनिंग कर रही है। अब तक 15 हजार लोगों का डिजिटल एक्स-रे कर 400 नए टीबी के मरीजों को चिह्नित किया गया है। विभाग इनका उपचार कर रहा है।
100 दिवसीय टीबी उन्मूलन अभियान भारत को टीबी-मुक्त बनाने और छिपे हुए मरीजों की पहचान के लिए चलाया जा रहा है। स्कूल कॉलेज, सार्वजनिक स्थान और अस्पतालों में शिविर लगाकर लोगों की जांच की जा रही है।
साथ ही टीम लोगों के घर-घर जाकर स्क्रीनिंग कर रही है। स्वास्थ्य विभाग की मुस्तैदी और आधुनिक तकनीकों के उपयोग से उन मरीजों की पहचान की जा रही है जो अनजाने में संक्रमण फैला सकते हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से यह अभियान विशेष रूप से स्लम बस्तियों, घनी आबादी वाले इलाकों और उन क्षेत्रों में चलाया जा रहा है जहां संक्रमण का खतरा अधिक है। मरीजों की त्वरित पहचान के लिए हैंडहेल्ड पोर्टेबल एक्स-रे मशीनों और मॉलिक्यूलर टेस्टिंग का उपयोग किया जा रहा है। इस तकनीक से एक घंटे से कम समय में टीबी का पता लग जा रहा है।