Maharajganj News : दिल्ली-नौतनवा टूरिस्ट बसों में 'सवारी' नहीं, बल्कि नेपाल जा रहा ये सामान !

    13-May-2026
Total Views |

नौतनवा। दिल्ली से नौतनवा के बीच संचालित टूरिस्ट परमिट बसों के जरिये अवैध सामान की ढुलाई और उसे बड़े पैमाने पर नेपाल भेजे जाने का माला सामने आया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि यात्रियों के नाम पर चल रही इन बसों का इस्तेमाल बड़े पैमाने पर माल ढुलाई के लिए किया जा रहा है, जबकि जिम्मेदार विभागों ने आँखें बंद की हुई हैं।

इन टूरिस्ट बसों में यात्रियों के साथ-साथ बड़ी संख्या में बोरे और कार्टून भी लादे जाते हैं। बसों के अंदर सीटों के नीचे, ऊपर और बीच के रास्तों तक सामान भर दिया जाता है, जिससे ये पूरी तरह से मालवाहक वाहनों में बदल जाती हैं। जांच से बचने के लिए दिल्ली से लाए गए सामानों के लिए अलग-अलग नामों से कागजात तैयार किए जाते हैं।


नौतनवा पहुंचने के बाद, इन सामानों को कैरियरों के माध्यम से पगडंडी रास्तों से नेपाल भेजा जाता है। बताया जा रहा है कि जहां माल उतारा जाता है, वहां से नेपाल सीमा की दूरी मात्र एक किलोमीटर है। यह पूरा अवैध कारोबार पुलिस, एसएसबी, कस्टम विभाग और अन्य जिम्मेदार अधिकारियों की कथित मौजूदगी के बावजूद जारी है।

स्थानीय निवासियों, जिनमें सर्वेनाथ, अमरदीप, विक्रम यादव, राजेंद्र सिंह और अरविंद श्रीवास्तव शामिल हैं, ने आरोप लगाया है कि यह अवैध गतिविधि लंबे समय से चल रही है। उन्होंने पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच कराने की मांग की है। क्षेत्र के लोगों ने प्रशासन और परिवहन विभाग से टूरिस्ट परमिट बसों की नियमित जांच करने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की अपील की है, ताकि अवैध ढुलाई और सीमा पार तस्करी पर अंकुश लगाया जा सके।

इस संबंध में, उपजिलाधिकारी नवीन प्रसाद ने कहा कि यदि बसों पर तस्करी के सामान की पुष्टि होती है, तो जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। एआरटीओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि टूरिस्ट परमिट की शर्तों का उल्लंघन कर सामान ढोते पाए जाने पर संबंधित बस संचालकों के खिलाफ आवश्यक विभागीय कार्रवाई की जाएगी।