Maharajganj News : दोस्त समझकर भेज दिए पैसे... फोन मिलाते ही युवक के उड़ गए होश

    15-May-2026
Total Views |

महराजगंज।
जिले के कोल्हुई थाना क्षेत्र में साइबर ठगी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। साइबर ठगों ने युवक के दोस्त का फेसबुक अकाउंट हैक कर मदद के नाम पर 25 हजार रुपये ठग लिए। घटना के बाद से इलाके में हड़कंप मच गया है।

जानकारी के अनुसार, कोल्हुई थाना क्षेत्र के बहदुरी बाजार निवासी सुनील वरुण के फेसबुक मैसेंजर पर उसके एक परिचित के अकाउंट से अचानक संदेश आया। मैसेज में किसी जरूरी काम का हवाला देते हुए तत्काल रुपये भेजने की बात कही गई। दोस्त पर भरोसा करते हुए सुनील ने बताए गए खाते में दो किस्तों में कुल 25 हजार रुपये ट्रांसफर कर दिए।


रुपये भेजने के कुछ देर बाद जब सुनील ने अपने दोस्त को फोन किया, तब पूरे मामले का खुलासा हुआ। दोस्त ने बताया कि उसका फेसबुक अकाउंट हैक हो चुका है और उसने किसी से कोई पैसे नहीं मांगे हैं। यह सुनते ही युवक के होश उड़ गए और उसे अपने साथ हुई साइबर ठगी का एहसास हुआ।

घटना के बाद पीड़ित ने पुलिस को सूचना दी। मामले में एसआई पंकज सिंह ने बताया कि जिस खाते में पैसा भेजा गया था, उसे तत्काल फ्रीज करा दिया गया है। संबंधित थाने की मदद से आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया या मैसेजिंग ऐप पर किसी परिचित के नाम से पैसे मांगने पर बिना पुष्टि किए रकम ट्रांसफर न करें। पहले फोन कर सत्यता की जांच जरूर करें, ताकि साइबर ठगी से बचा जा सके।