Maharajganj News : पुलिस ने समझाया, फिर भी नहीं माने... थाना गेट पर हुआ बड़ा बवाल

    15-May-2026
Total Views |

महराजगंज।
चौक थाना परिसर और उसके बाहर गुरुवार को हुए दो अलग-अलग विवादों से कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया। एक मामले में सगे भाइयों के बीच पारिवारिक विवाद थाना गेट तक पहुंच गया, जबकि दूसरे मामले में बच्चों के झगड़े को लेकर दो पक्ष आमने-सामने आ गए। दोनों घटनाओं में पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए कुल छह लोगों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई कर न्यायालय भेज दिया।

जानकारी के अनुसार, पहली घटना नगर पंचायत चौक के वार्ड नंबर-एक की है। 25 वर्षीय बाल्मिकी और 19 वर्षीय उसके छोटे भाई चन्द्रमणि के बीच लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा है। जनसुनवाई के दौरान दोनों पक्ष चौक थाने पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों भाइयों के बीच कहासुनी हो गई। पुलिसकर्मियों ने दोनों को समझाकर शांत कराया और थाना परिसर से बाहर भेज दिया, लेकिन थाना गेट के बाहर पहुंचते ही दोनों फिर आपस में भिड़ गए। तेज आवाज में हो रहे विवाद के चलते मौके पर लोगों की भीड़ जुटने लगी और माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना पर उपनिरीक्षक राघवेन्द्र यादव मौके पर पहुंचे और दोनों को शांत कराने का प्रयास किया। विवाद बढ़ता देख पुलिस ने दोनों भाइयों का शांतिभंग में चालान कर दिया।


वहीं दूसरी घटना बच्चों के पत्थर मारने को लेकर हुई। ग्राम दरहटा निवासी मनीष प्रजापति, प्रदीप प्रजापति, भोजराज, सुमिता और दूसरे पक्ष के नीतीश वर्मा जांच के सिलसिले में चौक थाने पहुंचे थे। इसी दौरान दोनों पक्षों में कहासुनी शुरू हो गई। आरोप-प्रत्यारोप के बीच मामला इतना बढ़ गया कि थाना गेट के बाहर दोनों पक्ष हंगामा करने लगे। मौके पर मौजूद उपनिरीक्षक राहुल कुमार ने दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया लेकिन विवाद थमता नहीं दिखा। हंगामे के कारण वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया और राहगीरों की भीड़ जुटने लगी। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने मनीष प्रजापति समेत चार लोगों के खिलाफ शांतिभंग की कार्रवाई करते हुए न्यायालय में प्रस्तुत किया। कार्यवाहक एसओ बृजभान यादव ने बताया कि समय रहते कार्रवाई नहीं की जाती तो दोनों मामलों में स्थिति और गंभीर हो सकती थी।