Maharajganj News : खेत तैयार करने का समय...गैलन लेकर लाइन में खड़े किसान, फिर भी नहीं मिल रहा डीजल!

    16-May-2026
Total Views |

महराजगंज।
जिले में डीजल की बढ़ती किल्लत से खेती-किसानी की रफ़्तार धीमी कर दी है। धान की नर्सरी तैयार करने और खेतों की जुताई का यह सबसे अहम् समय है, लेकिन पेट्रोल पंपों पर पर्याप्त डीजल उपलब्ध न होने से किसान बेहद परेशान हैं। सुबह से गैलन लेकर लाइन में खड़े किसानों को घंटों इंतजार के बाद भी कई जगह खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। कई पेट्रोल पंपों पर बीच में ही डीजल खत्म हो जाने से किसानों की परेशानी और बढ़ गई है।

डीजल संकट का सीधा असर जुताई और सिंचाई के कार्यों पर पड़ रहा है। ट्रैक्टर चालकों को पर्याप्त ईंधन न मिलने से खेतों की तैयारी बाधित हो रही है। इसी तरह, डीजल पंपों से सिंचाई करने वाले किसानों को भी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।


समय पर खेत तैयार न होने से धान की बुवाई पिछड़ने की आशंका बढ़ गई है। किसानों का कहना है कि पहले से ही डीजल की बढ़ती कीमतों ने खेती की लागत बढ़ा दी थी, और अब इसकी किल्लत ने उनकी मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। किसान मुकेश ने बताया कि घंटों लाइन में लगने के बाद भी डीजल नहीं मिल पा रहा है, जिससे खेती का पूरा काम प्रभावित हो रहा है।

अन्य किसानों जैसे रामवृक्ष प्रसाद, सुमित, रामबेलास, गुगुल, सुकई और भरत लाल ने भी अपनी चिंता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि खेती का सीजन शुरू हो चुका है, लेकिन पर्याप्त डीजल उपलब्ध न होने के कारण खेतों की जुताई और सिंचाई समय पर नहीं हो पा रही है। समय पर जुताई और सिंचाई नहीं होने से पूरी फसल प्रभावित हो सकती है।