Maharajganj News : 45 डिग्री गर्मी में भी नहीं मिला पानी ! गर्मी में राहत देने वाला वाटर एटीएम खुद बीमार
16-May-2026
Total Views |
महराजगंज। जिले के सदर ब्लॉक परिसर में लगा वाटर एटीएम इन दिनों पूरी तरह से खराब पड़ा है, जिससे भीषण गर्मी में भी लोगों को पीने के पानी के लिए इधर उधर भटकना पड़ रहा है।
रोजाना ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग विभिन्न कार्यों के लिए ब्लॉक परिसर पहुंचते हैं। प्रचंड गर्मी के मौसम में उन्हें शुद्ध पेयजल की आवश्यकता होती है, लेकिन वाटर एटीएम बंद होने के कारण उन्हें पानी के लिए परेशान होना पड़ता है। परिसर में पानी की उचित व्यवस्था न होने से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों को विशेष परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय निवासियों का आरोप है कि संबंधित विभाग लंबे समय से खराब पड़े इस वाटर एटीएम पर कोई ध्यान नहीं दे रहा है। लोगों का कहना है कि सरकार ने आम जनता को सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से यह वाटर एटीएम स्थापित किया था, लेकिन उचित रखरखाव के अभाव में यह अनुपयोगी पड़ा है।
इस संबंध में एडीओ पंचायत देवेंद्र पटेल ने बताया कि उनके पास इसके लिए बजट नहीं है और इसकी जिम्मेदारी विकासखंड अधिकारी महराजगंज की है। लोगों ने संबंधित विभाग और प्रशासन से जल्द से जल्द वाटर एटीएम को चालू कराने की मांग की है, ताकि भीषण गर्मी में उन्हें पेयजल की सुविधा मिल सके।