Maharajganj News : रात के अंधेरे में चल रहा था मिट्टी का खेल, सीओ की नजर पड़ते ही खुल गया राज
17-May-2026
Total Views |
महराजगंज। सदर कोतवाली क्षेत्र के ग्राम सभा सिसवनिया में शनिवार को अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली को पकड़कर सीज कर दिया। कार्रवाई के बाद अवैध खनन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, सदर क्षेत्राधिकारी अंकुर गौतम क्षेत्र में भ्रमण पर निकले थे। इसी दौरान उनकी नजर मिट्टी लादकर जा रही एक ट्रैक्टर-ट्रॉली पर पड़ी। शक होने पर वाहन को रोककर जांच की गई। जांच के दौरान चालक आवश्यक दस्तावेज और वैध खनन अनुमति प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली को कोतवाली लाकर सीज कर दिया गया।
इस कार्रवाई के बाद इलाके के खनन माफियाओं में हलचल तेज हो गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस तरह की कार्रवाई लगातार होनी चाहिए, ताकि अवैध खनन पर प्रभावी रोक लग सके। इस संबंध में सीओ सदर अंकुर गौतम ने बताया कि जांच के दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अवैध खनन करते पकड़ी गई। वैध कागजात न मिलने पर वाहन को सीज कर दिया गया है।