Maharajganj News : शॉर्ट सर्किट से धधकी कपड़े की दुकान, देखते ही देखते लाखों का सामान राख
17-May-2026
Total Views |
महराजगंज। कोल्हुई कस्बे में शनिवार को उस समय अफरातफरी मच गयी जब एक कपड़े की दुकान में अचानक आग लग गई। जानकारी के अनुसार, दुकान में शार्ट सर्किट होने से आग लगी, जिसने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया। आग की लपटों और धुएं को देखकर आसपास के लोग मौके पर जुट गए और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया।
घटना में दुकान में रखे रेडीमेड कपड़े, गारमेंट्स सहित अन्य सामान जलकर पूरी तरह खाक हो गया। आग की चपेट में बगल स्थित आई केयर की दुकान भी आ गई, जिससे वहां भी नुकसान हुआ। कपड़ा दुकानदार गुलामनबी के अनुसार आग से लगभग ढाई लाख रुपये के नुकसान का अनुमान है। ग्रामीणों की मदद से घंटो बाद आग पर काबू पाया जा सका।
गनीमत रही कि घटना में कोई जनहानि नहीं हुई। आग लगने के बाद कुछ देर के लिए कस्बे में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा। स्थानीय पुलिस भी मौके पर पहुंचकर मामले की जांच में जुट गई है। प्रारंभिक जांच में आग लगने की वजह शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।