Maharajganj News : 25 मई से शुरू होगा नौतपा, और बढ़ेगी झुलसाने वाली गर्मी

    19-May-2026
Total Views |

महराजगंज। मई के दूसरे पखवाड़े में तराई क्षेत्र के लोगों पर गर्मी का असर लगातार लगातार बढ़ता जा रहा है। दिन में तेज धूप और गर्म हवाएं लोगों को बेहाल कर रही हैं, वहीं रात में बढ़ती उमस ने लोगों की नींद उड़ाकर रख दी है। रविवार के मुकाबले सोमवार को अधिकतम तापमान एक डिग्री की गिरावट के साथ 38 डिग्री तो वहीं न्यूनतम तापमान एक डिग्री बढ़त के साथ 28 डिग्री सेंटीग्रेड रिकॉर्ड किया गया।

पिछले तीन दिनों से जिले में तेज धूप और गर्म हवाओं का असर लगातार बना हुआ है। दिन में तेज धूप के साथ हवाओं की तेज गति दोपहर बाद लू का अहसास दे रही हैं। सोमवार धूप सुबह थोड़ी धुंधली जरूर रही लेकिन सुबह 11 बजे से चटख होकर दोपहर बाद तक शरीर को झुलसाती महसूस हुई।


इस दौरान हवा की गति 13 किमी प्रति घंटा बनी रही जिसके चलते दोपहर दो बजे तक बाहर निकलने वालों को गर्म हवाओं से जूझना पड़ा। दिन डूबने के बाद हवा भी शांत हो गई जिसके कारण लोगों को रात में उमस महसूस हुई। घर के भीतर कूलर,पंखे से राहत न मिलने के कारण लोग छत पर व खुले आसमान के नीचे टहलने को देर रात तक विवश रहे।

25 से नौतपा होगा शुरू, बढ़ाएगा ताप
मौसम विभाग के अलावा ज्योतिष गणना भी आने वाले दिनों में गर्मी बढ़ने की बात कह रहे हैं। 2026 में नौतपा 25 मई से शुरू हो रहा है। 25 मई 2026 से यह 2 जून 2026 तक रहेगा। मान्यता के अनुसार, जब सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करते हैं, तब 9 दिनों तक गर्मी अपने चरम पर रहती जिसे ज्योतिष नौतपा की संज्ञा देते हैं। इन नौ दिनों में अगर धूप तेज बनी रही तो माना जाता कि बारिश अच्छी होगी। जबकि नौतपा के कमजोर पड़ने पर कमजोर मानसून का अनुमान लगाया जाता है।