Maharajganj News : दो दिन रेकी, फिर वारदात! पुरंदरपुर में स्वर्ण व्यवसायी लूटकांड का पुलिस ने किया खुलासा
19-May-2026
Total Views |
महराजगंज। थाना पुरंदरपुर क्षेत्र में 14 मई को स्वर्ण व्यवसायी के साथ हुई लूट की घटना का पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए चार अभियुक्तों को गिरफ्तार किया है। वहीं इस मामले में शामिल तीन बाल अपचारी को पुलिस अभिरक्षा में लेकर नियमानुसार विधिक कार्यवाही की जा रही है।
घटना के अनावरण को लेकर पुलिस कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान अधिकारियों ने बताया कि लूट की वारदात के बाद पुलिस टीम को आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगाया गया था। तकनीकी साक्ष्यों, सर्विलांस और मुखबिरों की सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने सभी आरोपियों तक पहुँच बनाई।
पुलिस के अनुसार सभी अभियुक्तों से पूछताछ की जा रही है तथा घटना में प्रयुक्त सामान और अन्य साक्ष्यों की बरामदगी की कार्रवाई भी की जा रही है। वहीं तीन बाल अपचारियों को किशोर न्याय अधिनियम के तहत अभिरक्षा में लिया गया है।
मुख्य अभियुक्त सनोज वर्मा द्वारा अपने तीन साथियों समीर अहमद, राजन व मुकेश कुमार के साथ इस घटना को अंजाम दिया गया, बाल अपचारी का इस्तेमाल इन लोगों ने स्वर्ण व्यवसायी की रेकी के लिए किया था, दो दिन की रेकी के बाद इनके द्वारा इस घटना को अंजाम दिया गया। इनके पास 799gm चांदी, 1.3 ग्राम सोना और बाइक बरामद हुई।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि जनपद में अपराध और अपराधियों के खिलाफ लगातार सख्त अभियान चलाया जा रहा है। घटना के सफल खुलासे के बाद पुलिस टीम की सराहना की जा रही है।