Maharajganj News : ईंधन संकट से हाहाकार! पेट्रोल-डीजल गायब, तेल के लिए दर-दर भटकते लोग
02-May-2026
Total Views |
ढेबरूआ। क्षेत्र के बढ़नी कस्बे और आसपास के इलाकों में पेट्रोल-डीजल की किल्लत ने आम जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। शुक्रवार को कई पेट्रोल पंपों पर 'डीजल-पेट्रोल उपलब्ध नहीं' के बोर्ड लगे मिले, जिससे लोगों को ईंधन के लिए इधर-उधर भटकना पड़ा।
बस स्टॉप स्थित पंप पर दिनभर पेट्रोल नहीं मिला। वहीं, कस्बे से करीब चार किलोमीटर दूर भरौली और मड़नी स्थित पंप भी ड्राई रहे। हालात यह हैं कि लोग सुबह से ही यह पता लगाने में जुटे रहते हैं कि किस पंप पर ईंधन मिल रहा है।
शादी-विवाह के सीजन और खेती के काम के बीच इस संकट ने परेशानी और बढ़ा दी है। डीजल न मिलने से किसान सिंचाई और कृषि कार्यों को लेकर चिंतित हैं, जबकि पेट्रोल की कमी से आम लोगों के आवागमन पर असर पड़ा है।
स्थानीय निवासी विजय कुशवाहा ने बताया कि कस्बे और आसपास के पंपों पर ईंधन न मिलने से लोग परेशान हैं। कुछ पंपों पर उपलब्धता होने के बावजूद वितरण नहीं किया जा रहा है। अमित अग्रवाल ने कहा कि पेट्रोल-डीजल रोजमर्रा की जरूरत है, लेकिन जिम्मेदार इस समस्या पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। वहीं किसान नेता गालिब ने कहा कि दावों के बावजूद जमीनी स्तर पर स्थिति बेहद खराब है।